राजस्थान के जयपुर में आयोजित हुआ अंडर-14,16 क्रिकेट टूर्नामेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। राजस्थान के जयपुर में आयोजित चौथे शिवली अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में गौतमबुद्ध नगर की एफडब्ल्यूएसीए टीमों ने अंडर-14 और अंडर-16 दोनों वर्गों में ट्रॉफी पर कब्जा किया। टूर्नामेंट में अंडर-14 की पांच और अंडर-16 की चार टीमों ने हिस्सा लिया।
टीमों के कोच रोबिन व गोविंद ने बताया कि मुकाबले जयपुर स्थित नया नारायण स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर खेले गए। अंडर-14 फाइनल में डीएसए-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 100 रन बनाए। एफडब्ल्यूएसीए ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर पांच विकेट से जीत दर्ज की। राज बाजपेयी ने 45 रन बनाए, जबकि मंथन ने पांच विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।
अंडर-16 फाइनल में एफडब्ल्यूएसीए ने नारायण क्रिकेट अकादमी के खिलाफ आठ विकेट पर 175 रन बनाए। हरिमन कपूर ने 62 और निशांत भाटी ने 41 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से चर्चित यादव ने तीन विकेट लिए। जवाब में नारायण क्रिकेट अकादमी की टीम 164 रन पर सिमट गई और एफडब्ल्यूएसीए ने 11 रन से मैच जीत लिया। सिदक सिंह और अभिषेक ने तीन-तीन विकेट लिए। सिदक सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।