-व्यापारियों के अनुसार शादी के सीजन में वुडन बेड से लेकर श्रृंगारदान तक की बढ़ी मांग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में शादी का मौसम शुरू होते ही फर्नीचर बाजारों में रौनक लौट आई है। वुडन बेड, सोफा सेट, डाइनिंग टेबल, अलमारी और श्रृंगारदान की मांग बढ़ गई है। वहीं प्रमुख व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार भी नवंबर से जनवरी तक के शादियों के सीजन में कारोबार में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी।
सेक्टर-8, 10, 12-22, सेक्टर-63, 49 और 104 स्थित फर्नीचर बाजारों में इन दिनों खरीदारों की भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि शादी के सीजन में लोगों की प्राथमिकता डिजाइनर फर्नीचर के साथ साथ टिकाऊ और कम स्थान घेरने वाले फर्नीचर खरीदना है। खासकर वुडन बेड, स्टोरेज वाले सोफा सेट और शीशम की बनी अलमारियों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा नई दुल्हनों के लिए श्रृंगारदानी और स्टडी टेबल सेट की बुकिंग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। सेक्टर-8 स्थित उमेश फर्नीचर हाउस के संचालक चमन ने बताया, इस बार डेकोरेटिव, विभिन्न प्रकार की वुडन फिनिश के साथ साथ सिंपल व आकर्षक डिजाइन के बेड सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। वहीं, सेक्टर-63 के व्यापारी वीरेंद्र मेहता ने बताया कि तीन महीने पहले से बुकिंग शुरू हो जाती है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस साल सीजन के दौरान बुकिंग में करीब 30 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। वहीं अधिकतर ग्राहक ऑनलाइन देखकर डिजाइन पसंद कर दुकान पर ऑर्डर फाइनल कर रहे हैं। ऐसे में वह पिछले दो-तीन महीने पहले से ही ऑर्डर दे देते हैं।
दुकानों पर रोजाना पहुंच रहे 20-25 ग्राहक
युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन का कहना है कि शादी का सीजन हमेशा से कारोबार के लिए सबसे बेहतर समय माना जाता है। फिर चाहे वह सोने चांदी का हो या फिर फर्नीचर का। फर्नीचर का बाजार खासकर शादियों के सीजन में सबसे ज्यादा गुलजार रहता है। दुकानों पर औसतन 20 से 25 ग्राहक रोजाना पहुंच रहे हैं। हर साल नवंबर से जनवरी के बीच बिक्री में 35 से 40 प्रतिशत तक उछाल आता है। वहीं हरौला के व्यापार संगठन के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने बताया कि इस बार बढ़ती शादियों की संख्या और सजावटी ट्रेंड के चलते कारोबार में और इजाफे की उम्मीद है।
-
फर्नीचर प्रकार लकड़ी का प्रकार औसतन रेट (रुपए में)
वुडन बेड (डबल साइज) शीशम या सागवान 35,000 – 75,000
सोफा सेट (5 सीटर) सागवान या टीक वुड 45,000 – 90,000
डाइनिंग टेबल (6 चेयर सेट) शीशम या रोजवुड 40,000 –80,000
अलमारी (तीन दरवाजे वाली) सागवान 25,000 – 55,000
श्रृंगारदानी (ड्रेसिंग टेबल) शीशम या पाइन वुड 15,000 –35,000
नोट: ग्राहक की डिमांड पर तैयार होने वाले फर्नीचर के रेट लागत व सामान के आधार पर निर्भर करते हैं।