माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर 36 में शराब का ठेका खोले जाने का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। सेक्टर के गेट नंबर दो के पास मॉल में खुले ठेके का रविवार को निवासियों ने विरोध जताया। निवासियों का आरोप है कि ठेके के खुल जाने से महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता के मामले बढ़ गए हैं। निवासियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान न होने पर विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस शराब ठेके के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की स्थिति प्रभावित हो रही है। ठेके के पास ही अस्पताल और स्कूल मौजूद हैं, बावजूद इसके यहां लाइसेंस जारी किया गया है।
सेक्टर-36 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी ने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से मुलाकात की गई है और ठेका हटाने की मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि यदि लाइसेंस दिया गया है तो उसे निरस्त कर ठेके को स्थानांतरित किया जाए। यदि एक महीने के भीतर ठेका नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।