सेक्टर-51 से ग्रेनो सेक्टर-2 मेट्रो की राह अब आसान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनसीआर) ने मंगलवार को एक्वा लाइन विस्तार के पहले चरण के डिजाइन और निर्माण का दोबारा टेंडर निकाला है। फिलहाल, 491.99 करोड़ का टेंडर निकाला गया है। कॉरिडोर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने के लिए सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो ट्रैक और स्टेशनों का निर्माण प्रस्तावित है। इसका काम दो चरणों में होगा।
पहले चरण में सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2 तक कॉरिडोर का निर्माण होगा, जिसमें पांच स्टेशन होंगे। इसका काम तीन साल में पूरा होगा। अगर टेंडर के बाद एजेंसी चयन का काम हो जाता है तो एक माह में मेट्रो ट्रैक और स्टेशनों के सिविल का काम शुरू होगा। सेक्टर-71 से नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित मेट्रो की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को शासन से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद जून में 430.69 करोड़ का टेंडर निकाला गया था, लेकिन इसमें केवल दो एजेंसियां ही सामने आईं। इसके अलावा कोरोना संक्रमण का दौर भी आ गया, जिसने इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट में बाधा पहुंचाई। इसकी डीपीआर का केंद्र से मंजूरी मिलनी बाकी है।
तीन लाख परिवारों को होगा सीधा फायदा
परियोजना के पूरा होने पर तीन लाख परिवारों को सीधा फायदा होगा। इसमें दो लाख परिवार ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन के होंगे। इसके अलावा गांवों में रहने वाले लोगों को भी इससे लाभ होगा। नोएडा के सेक्टर-118, 119, 122, 121, 123 सहित अन्य सेक्टरों के निवासियों को फायदा होगा।
कॉरिडोर पर 9 स्टेशन प्रस्तावित
परियोजना की कुल लंबाई 14.958 किलोमीटर है। इसमें 9 स्टेशन प्रस्तावित हैं। कॉरिडोर का निर्माण कार्य दो चरणों में होगा। पहले चरण में 9.605 किलोमीटर के कॉरिडोर का काम होगा। यह सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-2 तक होगा। कॉरिडोर पर पांच स्टेशन होंगे। इसमें नोएडा सेक्टर-122, नोएडा सेक्टर-123, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4, ईकोटेक और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2 होगा। दूसरे चरण में 5.353 किलोमीटर का काम होगा। कॉरिडोर पर चार स्टेशन होंगे। इसमें ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12 और ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-5 स्टेशन शामिल होंगे।
पहले स्टेशन पर मॉल, अब मॉल में होंगे स्टेशन
एनएमआरसी अधिकारियों के मुताबिक , ग्रेनो वेस्ट की ओर जाने वाले कॉरिडोर के स्टेशनों को देखने पर मॉल जैसा एहसास होगा। यहां स्टेशन के ऊपर और नीचे कामर्शियल स्पेस होगा, जहां दुकानें होंगी और लोग खरीदारी करते नजर आएंगे।
एलिवेटेड ट्रैक पर तकनीकी सुविधाओं से लैस होगी मेट्रो
पूरा कॉरिडोर एलिवेटेड होगा। ट्रैक को यू-गर्डर से बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर पर चार कोच की मेट्रो ट्रेन चलेगी। एक फेरे में 1034 यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। एक्वा लाइन की तर्ज पर यहां भी क्यूआर टिकट, स्मार्ट कार्ड और मोबाइल ऐप से टिकटों की सुविधा मिलेगी। इसकी डिजाइन स्पीड 95 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। वहीं, शेड्यूल स्पीड 35 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
2682 करोड़ होगा परियोजना का बजट
नोएडा सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो परियोजना का बजट 2682 करोड़ हैें। केंद्र सरकार, राज्य सरकार, नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पैसा लगाएंगे। इसके अलावा एनसीआर प्लानिंग बोर्ड और दूसरे वित्तीय संस्थानों की ओर से ऋण की सुविधा भी मिल सकेगी।