कोरोना की एंटीबॉडी किट के नकली पाउच बनाने वाली कंपनी का भंडाफोड़
नोएडा। कोरोना की एंटीबॉडी रैपिड किट के नकली पाउच बनाने वाली एक कंपनी का नोएडा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने सेक्टर-7 में चल रही कंपनी के संचालक को गिरफ्तार कर 3.97 लाख नकली पाउच बरामद किए हैं। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 के डी ब्लॉक में न्यू लाइफ कंपनी किट के पाउच बनाती है। इनमें एंटीबॉडी चेक रैपिड किट रखी जाती है। कंपनी के विधिक सलाहकार विपिन दुबे ने सोमवार को पुलिस से शिकायत की थी कि उनके ट्रेडमार्क का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर नकली पाउच बनाए जा रहे हैं। इसके बाद कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-7 के डी-50 में चल रही एमएस प्रतीक पाउचिंग कंपनी में छापा मारा तो पता चला कि कंपनी में फर्जी ट्रेडमार्क का इस्तेमाल कर पाउच बनाए जा रहे हैं। मौके से पुलिस ने कंपनी के संचालक न्यू अशोक नगर निवासी राजेश प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया और 27 बंडल नकली पाउच बरामद कर लिए। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कॉपीराइट एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पाउच बनाने का ऑर्डर देने वाले की 10 दिन पहले हुई मौत
पुलिस जांच में पता चला कि राजेश को कुछ दिनों पहले 5 लाख रैपिड किट के पाउच बनाने का ऑर्डर मिला था। यह आर्डर पटपड़गंज निवासी बृजेश श्रीवास्तव ने दिया था। ऑर्डर देने के बाद राजेश को डिलीवरी के बाद पैसे देने का वादा किया गया था, लेकिन बृजेश की 10 दिन पहले मौत हो गई।
कई सरकारी व निजी अस्पतालों से किया था संपर्क
बृजेश की मौत के बाद राजेश ने नकली पाउच को बेचने का प्रयास किया। इसके लिए उसने कई सरकारी व निजी अस्पतालों से संपर्क किया। मेडिकल उपकरण बनाने वाली कंपनियों से भी बातचीत की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान रैपिड किट के असली पाउच बनाने वाली कंपनी को पता चल गया और इसकी शिकायत पुलिस से की गई।