फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: कहीं पोलो के मुकाबले, कहीं टैलेंट हंट, ग्रेप नियमों से खेल विभाग बेखबर

विज्ञापन
विज्ञापन
- ग्रेप-1 के प्रतिबंधों के बीच जिले में हुए बड़े खेल आयोजन, जिन्दल पोलो एस्टेट और प्रोमेथियस स्कूल में प्रतियोगिताएं संपन्न
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए ग्रेप-1 लागू होने के बाद खेल प्रतियोगिताओं को लेकर जारी निर्देशों के बावजूद जिले में बड़े आयोजन होते रहे। नोएडा के जिन्दल पोलो एस्टेट में रविवार को जिन्दल एस्टेट कप के तहत दो मुकाबले खेले गए और पोलो सीजन का समापन भी हो गया। वहीं, सेक्टर-131 स्थित प्रोमेथियस स्कूल में नोएडा स्पोर्ट्स टैलेंट हंट के तहत शूटिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस समेत विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। हैरानी की बात यह रही कि दोनों आयोजनों की जानकारी खेल विभाग के अधिकारियों तक नहीं पहुंची। दूसरी ओर सेक्टर-73 में प्रस्तावित शूटिंग गुरु चैंपियनशिप और सेक्टर-107 में आयोजित होने वाली मैराथन की जानकारी मिलने पर आयोजकों को नोटिस भेजकर प्रतियोगिताएं स्थगित करा दी गईं। इससे विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दरअसल, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों के बाद जिला खेल विभाग ने नवंबर और दिसंबर में प्रस्तावित खेल प्रतियोगिताओं, ट्रायल और मैचों को स्थगित करने के निर्देश जारी किए थे। इसके पीछे प्रदूषण के दौरान खिलाड़ियों, विशेषकर बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को वजह बताया गया था। स्कूलों और खेल संस्थानों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई थी। इसके बावजूद जिले में बड़े स्तर पर खेल गतिविधियां आयोजित होती रहीं।
विज्ञापन


जिन्दल पोलो एस्टेट में दो मुकाबलों के साथ सीजन समाप्त : नोएडा स्थित जिन्दल पोलो एस्टेट में रविवार को पोलो सीजन के अंतिम टूर्नामेंट जिन्दल एस्टेट कप का आयोजन किया गया। इसमें दो मुकाबले खेले गए। सभी मुकाबले पूरे होने के साथ ही पोलो सीजन का समापन भी हो गया। इतने बड़े आयोजन के बावजूद खेल विभाग की ओर से कोई कार्रवाई सामने नहीं आई।
प्रोमेथियस स्कूल में भी एक हजार खिलाड़ियों की भागीदारी :
सेक्टर-131 स्थित प्रोमेथियस स्कूल में 31 अक्टूबर और एक नवंबर को नोएडा स्पोर्ट्स टैलेंट हंट आयोजित किया गया। गौरी शिक्षा फाउंडेशन की ओर से स्कूल के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में शूटिंग, बैडमिंटन, तैराकी, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक और शतरंज को शामिल किया गया था। आयोजकों के अनुसार, इसमें एक हजार से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की योजना थी। दो दिनों तक विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इस आयोजन को लेकर भी खेल विभाग की ओर से कोई रोक या कार्रवाई सामने नहीं आई।
बॉक्स:
शूटिंग चैंपियनशिप और मैराथन पर हुई कार्रवाई :
सेक्टर-73 में 31 अक्टूबर से चार नवंबर तक दूसरी शूटिंग गुरु चैंपियनशिप-2026 प्रस्तावित थी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के निशानेबाजों को 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाओं में हिस्सा लेना था। जानकारी मिलने पर विभाग ने आयोजकों को नोटिस जारी किया। इसके बाद प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई। आयोजकों ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए नई तारीखों की घोषणा बाद में करने की बात कही। इसी तरह सेक्टर-107 में प्रस्तावित मैराथन को भी स्थगित कराया गया।
जिले में खेल प्रतियोगिताओं को स्थगित करने के निर्देशों के बावजूद दो बड़े स्थानों पर आयोजन होना विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। जब सेक्टर-73 की शूटिंग प्रतियोगिता की जानकारी मिलते ही उसे स्थगित करा दिया गया तो जिन्दल पोलो एस्टेट और प्रोमेथियस स्कूल में आयोजित प्रतियोगिताओं की जानकारी अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंची। क्या स्कूलों और खेल संस्थानों की गतिविधियों की निगरानी प्रभावी तरीके से नहीं हो रही है।
विज्ञापन

जिन आयोजकों और संस्थानों ने आदेशों का पालन नहीं किया है, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। नियमानुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. परवेज अली, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें