जिले के चार रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी फ्री वाई-फाई की सुविधा
दादरी। गौतमबुद्ध नगर के सभी रेलवे स्टेशन 12 सितंबर से वाई-फाई की सुविधा से लेस हो जाएंगे। स्टेशनों पर टावर और उपकरण लगाने का काम लगभग पूरा हो गया है। मारीपत व अजायबपुर स्टेशन पर वाई-फाई की टेस्टिंग का काम चल रहा है। यात्री 30 मिनट तक वाई-फाई का प्रयोग कर सकेंगे। वाई-फाई की मदद से यात्री ट्रेनों की आवाजाही की जानकारी आसानी से ले सकेंगे।
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर जिले का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन दादरी है। इसके अलावा मारीपत, बोड़ाकी, अजायबपुर और दनकौर रेलवे स्टेशन भी है। रोजाना लाखों यात्री रेलवे स्टेशन से आवागमन कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा और नोएडा आने-जाने के लिए दादरी रेलवे स्टेशन का प्रयोग करते हैं। रेलवे स्टेशनों पर टिकट विंडों के साथ आरक्षण केंद्र भी बना है। दादरी रेलवे स्टेशन कंप्यूटर युक्त है। तमाम तरह की सुविधा देने के साथ अब रेलवे यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा देने जा रहा है। जिले के चार स्टेशन दादरी, मारपत, अजायबपुर और दनकौर रेलवे स्टेशन पर वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। प्लेटफार्म पर 200 मीटर की परिधि में यात्री वाई-फाई का प्रयोग कर सकेंगे। जो निशुल्क रहेगी।
----------------
वाई-फाई की स्पीड होगी अच्छी
रेलवे टेलीफोन अधिकारी रोहताश सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर एक यात्री 30 मिनट तक वाई-फाई का प्रयोग कर सकेंगे। वाई-फाई की स्पीड अच्छी होगी। यात्री को अपना वाई-फाई चालू करना होगा। उसके बाद रेलवे के वाई-फाई का चयन करना होगा। चयन के बाद यात्री के मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी से यात्री वाई-फाई का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि वाई-फाई के प्रयोग से यात्री रेलवे की सूचनाओं को आसानी से जान सकेंगे। मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड कर उस पर जरूरी जानकारी ले सकेंगे।