फिरोजपुर झिरका। जिला पुलिस कप्तान के आदेश पर लगातार सीएस स्टाफ गोतस्करी पर लगाम लगाने का प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार अल सुबह गौ तस्करों के चंगुल से 20 गोवंश को मुक्त कराया गया, जबकि 2 गोतस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब हो गए।
सीएस स्टाफ के इंचार्ज कंवरपाल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि फिरोजपुर झिरका की ओर से एक कंटेनर, जिसमें गोवंश को भरकर राजस्थान की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने इस बाबत एक टीम गठित कर तस्करों को पकड़ने की योजना बनाई। फिरोजपुर झिरका की ओर से आ रहे कंटेनर को पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन गोतस्कर भागने लगे। ईएचसी नूर मोहम्मद ने लोहे का कांटा डालकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। टायर फटने के बाद भी चालक गाड़ी भगा कर ले गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर चालक और परिचालक दोनों भाग निकले। पुलिस को उनकी पहचान शाहरुख पुत्र सरदार निवासी दानीबास, इरफान पुत्र हारून प्रताप बास उमरा थाना नगीना के रूप में हुई। पुलिस ने कंटेनर खोला तो 14 बैल और 6 गाय के हाथ पैर बांधे हुए थे। उन्हें छुड़वाकर गौशाला में भेज दिया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।