कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर दस लाख की ठगी
नोएडा। कनाडा की कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर एक इंजीनियर से ठगों ने करीब दस लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने दो बैंक खातों में डॉलर डलवाए थे। इंजीनियर को छह लाख रुपये प्रति महीने की सैलरी का झांसा दिया गया था। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत की थी। जांच के बाद कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-61 निवासी रोहित सूद इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड में काम कर चुके हैं। पिछले साल विदेश में नौकरी के लिए कई ऑनलाइन जॉब साइट पर सीवी भेजी थी। पिछले साल सितंबर में एक जालसाज ने ई-मेल भेजकर संपर्क किया। उसने कहा कि वह कनाडा में नौकरी और नागरिकता दिलवाएगा। कंपनी में छह लाख रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। आरोपी ने रजिस्ट्रेशन व अप्रूवल फीस के लिए दो बार में 1000 व 2950 डॉलर बैंक में डलवा लिए। इसके बाद फोन और जूम पर रोहित का इंटरव्यू भी कराया गया। बाद में कई तरह की फीस के नाम पर करीब 14 हजार डॉलर और मंगवा लिए। विश्वास दिलाने के लिए कनाडा दूतावास का एक पत्र भी भेजा। रोहित को बताया कि 11 जनवरी 2021 को ऑफलाइन इंटरव्यू कराया जाएगा। फिर उसे ऑफर लेटर मिल जाएगा। उसके बाद आरोपियों ने संपर्क नहीं किया। ठगी का अहसास होने पर नोएडा साइबर सेल से शिकायत की। आरोप है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में बैठकर ठगों ने उनके साथ फ्रॉड किया है। पीड़ित ने अमेरिका में भी शिकायत की थी। अमेरिकी दूतावास से इस बारे में एक पत्र भी आया था।
साइबर सेल की जांच के बाद सेक्टर-58 थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- रजनीश वर्मा, एसीपी टू, नोएडा।