सलारपुर में प्लॉट बेचने के नाम पर 8.30 करोड़ की ठगी
- मां और बेटे समेत तीन पर मुकदमा दर्ज, पहले ही प्राधिकरण को बेच चुके थे प्लॉट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सलारपुर खादर निवासी मां और बेटे ने साथी के साथ मिलकर प्लाॅट बेचने के नाम पर 8.30 करोड़ की ठगी कर ली। रकम लेने के बाद आरोपियों ने प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं की। मिर्जापुर निवासी जयेश सेठ की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने सलीम, मां हकीमन और मंगत के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले ही नोएडा प्राधिकरण को प्लॉट बेच दिया था।
पुलिस को दी शिकायत में जयेश सेठ ने कहा कि 22 सितंबर 2014 को उन्होंने साथी अरुण कुमार और जितेंद्र सिंह के साथ मिलकर सलारपुर खादर में प्लॉट देखा था। करीब 5445 गज के आवासीय प्लॉट खरीदने के लिए सलारपुर खादर निवासी मंगत, सलीम और सलीम की मां हकीमन से बात की थी। दोनों पक्षों के बीच प्लॉट को खरीदने को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने प्लॉट के एवज में 8.30 करोड़ रुपये का चेक दिया। आरोप है कि चेक लेने के बाद न तो रजिस्ट्री की न ही चेक या पैसे वापस किए। कई बार टरकाने के बाद जब पीड़ित ने प्राधिकरण जाकर पता किया। वहां पता चला कि आरोपियों ने वर्ष 2010 में ही जमीन नोएडा प्राधिकरण को एक करोड़ 15 हजार रुपये में बेच दिया था। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की गई। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस मामले की जांच कर रही है।