गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र के राजनगर निवासी दीपक चानना ने गुजरात की कंपनी के डायरेक्टर दंपती पर आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अरविंद तिवारी और उनकी पत्नी कोमल तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजनगर निवासी दीपक चानना ने बताया कि वह उच्च शिक्षा प्राप्त करने कनाडा जाना चाहता था। इसके लिए उन्होंने अहमदाबाद गुजरात की प्रानिल एजुकेशन कंपनी से संपर्क साधा। जहां कंपनी के डायरेक्टर अरविंद तिवारी ने उन्हें अहमदाबाद बुलाया और 23 लाख रुपये में कनाडा का वीजा दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने वर्ष 2021 में अरविंद तिवारी और उनकी पत्नी कोमल तिवारी के खाते में आठ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि दंपती जल्द वीजा दिलाने का आश्वासन देते रहे। रुपये मांगने पर दंपती ने हत्या कराने की धमकी दी और अभद्रता कर कार्यालय से भगा दिया। पीड़ित ने कविनगर थाने में आईपीसी के तहत धोखाधड़ी करने की धारा 420, विश्वासघात की धारा 406 और धमकी की धारा 506 में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।