जीएसटी विभाग की जांच में माल लाने व भेजने का दस्तावेज नहीं दिखा पाई ग्रेनो की चार फर्म
नंबर गेम-6.36 करोड़ विभाग ने वसूले
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जीएसटी गौतमबुद्ध नगर जोन की टीम ने चार आईटी फर्म की 59.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी पकड़ी है। कंपनियों ने बोगस फर्मों के साथ कारोबार दिखाकर 59.11 करोड़ का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ उठा लिया। पूछताछ में चारों कंपनियां माल लाने व भेजने के दस्तावेज नहीं पेश कर सकी। इसके बाद जीएसटी की टीम ने कार्रवाई कर चारों फर्म से 6.36 करोड़ जमा कराया गया है। साथ ही अन्य बोगस फर्मों की भी जांच शुरू कर दी है।
संयुक्त आयुक्त संजय कुशवाहा ने बताया कि आईटी क्षेत्र की चार फर्म का कार्यालय ग्रेनो वेस्ट में हैं। इन कंपनियों ने 328.40 करोड़ की खरीद दिखाकर 59.11 करोड़ का आईटीसी क्लेम ले लिया। वहीं कंपनियों ने 279.06 करोड़ का माल बेचने का दिखाकर 50.26 करोड़ का आईटीसी पास ऑन ले लिया।
संयुक्त आयुक्त ने बताया कि माल आने और भेजने के संबंध में कंपनियों के पास किसी तरह के दस्तावेज नहीं मिले। न ही सर्विस रिकॉर्ड उपलब्ध करा सकी। जांच में पता चला कि कंपनियों ने बोगस फर्माें के साथ कारोबार कर कागजों पर ही माल खरीदा और बेच दिया। इसके बदले में इन फर्मों को 59 करोड़ से अधिक का आईटीसी का लाभ हुआ। अफसरों ने बताया कि उनकी भी जांच की जा रही है। चारों फर्मों से 6.36 करोड़ रुपये जमा कराया गया है। अभी जांच चल रही है।