नोएडा। नोएडा में एक न्यूज चैनल खोलने के नाम पर कारोबारी से 85 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगी करने वालों ने कारोबारी से मदद के नाम पर कई किस्तों में 85 लाख रुपये ले लिए, लेकिन चैनल नहीं खुला। कारोबारी को चैनल का सीएमडी बनाने का भी ऑफर दिया था। जब एक साल से अधिक वक्त हो गया और चैनल का कुछ पता नहीं चला तो कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली फेस थ्री में महिला डायरेक्टर व सीईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, लखनऊ के कारोबारी संतोष कुमार का आरोप है कि उनके एक पत्रकार मित्र ने न्यू अशोक नगर दिल्ली निवासी अमृता पंडित और रमन श्रीवास्तव से मुलाकात कराई थी। अमृता ने मुलाकात के वक्त खुद को सार मीडिया एंड फिल्मस की डायरेक्टर और रमन श्रीवास्तव को सीईओ बताया था। बातचीत के दौरान दोनों ने बताया कि सेक्टर-63 में भारत आज के नाम से हिंदी न्यूज चैनल शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए कारोबारी से 15-20 लाख रुपये की मदद मांगी और कहा कि इसके बदले आपको चैनल का सीएमडी बनाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने आठ लाख रुपये दोनों को दे दिए। इसके बाद और भी पैसों की मांग की गई। जब पैसे देकर संतोष चैनल शुरू होने के बारे में पूछने लगे तो झूठी बातें कहीं गईं। इसके बाद संतोष ने एक साथी को नोएडा भेजा और चैनल की बिल्डिंग आदि को दिखाने के लिए अमृता व रमन को कहा। अमृता और रमन उसे साइट पर ले जाने के बजाय एक होटल में मिले। वहां बातचीत कर वापस लखनऊ भेज दिया।
इसके बाद फरवरी से मार्च के बाद उनके खाते में 77 लाख रुपये और जमा कराए गए। इतने पैसे जाने के बाद भी चैनल शुरू नहीं हुआ तो अपने रिश्तेदारों को सेक्टर-63 भेजा। यहां चैनल की बिल्डिंग जैसा कुछ नहीं था। 19 मार्च को वे पत्नी के साथ खुद चैनल देखने पहुंचे। इसके बाद अमृता व रमन से पैसों का हिसाब मांगा गया तो वे आनाकानी करने लगे। बाद में व्हाटस ऐप पर नंबर ब्लॉक कर दिया और फोन उठाना बंद कर दिया।
-------------------
अमृता व रमन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- देवेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली फेज थ्री