मोहनलालगंज। पिता व चाचा की मौत के बाद जालसाजों ने फर्जी किसान को खड़ाकर करोड़ों रुपये कीमत की जमीन बेच दी। किसान के वारिस ने जब वरासत के लिए आवेदन किया तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार जालसाजों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक ऐशबाग लखनऊ के फरहान हुसैन के पिता उवैस व चाचा सिद्दीक उस्मानी, वासिद उस्मानी, इलियास उस्मानी व अनरू उस्मानी के नाम गोसाईगंज के घुसकर गांव में आठ बीघा जमीन थी। पिता और चाचा की मौत के बाद फरहान ने जब पिता व चाचा के नाम दर्ज जमीन की वरासत के लिए आवेदन किया तो लेखपाल ने बताया कि यह जमीन तो बिक चुकी है, वरासत दर्ज नहीं हो सकती है। आरोप है कि सूरत गुजरात के शहाबुद्दीन, मानक नगर लखनऊ की भगवान देई चौहान व सेहगो रायबरेली के विमल गिरि ने फर्जी दस्तावेज के जरिये मर चुके किसानों की जगह फर्जी किसान खड़ाकर जमीन का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया है। किसानों के वारिस ने जमीन के दाखिल-खारिज पर आपत्ति लगाई है।