-पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दे रहे धमकी, कब्जा भी नहीं सौंपा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित केनरा बैंक की एक महिला अधिकारी ने गांव सैनी के रहने वाले एक परिवार पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-48 नोएडा निवासी उमा ठाकुर ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि वह केनरा बैंक की ग्रेटर नोएडा वेस्ट वेदपुरा शाखा में अधिकारी हैं। बैंक में खाते होने के कारण उनकी पहचान गांव सैनी निवासी अश्चिंद्र नागर और उसके परिवार से हुई थी। आरोप है कि अश्चिंद्र नागर ने अपने पिता ब्रजपाल के नाम आवंटित 300 वर्गमीटर के एक आवासीय भूखंड को बेचने की बात कही। आरोपियों ने उन्हें भूखंड के दस्तावेज और आवंटन पत्र दिखाकर भरोसे में लिया। जुलाई 2023 में ब्रजपाल, अश्चिंद्र नागर, कुलदीप नागर और किरण देवी की मौजूदगी में भूखंड का सौदा तय हुआ। इसके बाद उन्होंने ब्रजपाल के खाते में 39 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद ब्रजपाल की मौत हो गई।
शिकायत के मुताबिक काफी समय तक टालमटोल होने पर पीड़िता ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में जानकारी की तो पता चला कि उक्त भूखंड का इकरारनामा वर्ष 2021 में ही गाजियाबाद निवासी एक महिला के नाम किया जा चुका है। इस पर जब पीड़िता ने विरोध जताया तो आरोपियों ने पूरी रकम ब्याज सहित लौटाने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने गांव सैनी में 400 गज जमीन का बैनामा उनके नाम करने का प्रस्ताव दिया। अगस्त 2024 में 19 लाख रुपये मूल्य दर्शाते हुए संपत्ति का बैनामा कर दिया गया। शेष 30 लाख रुपये के लिए एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का एक चेक दिया गया। बाद में इसे रोक दिया गया। अब न तो आरोपी बकाया रकम दे रहे हैं और न ही संपत्ति का वास्तविक कब्जा सौंप रहे हैं। पिछले एक वर्ष से आरोपी उन्हें और उनके पति को धमका रहे हैं । वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।