फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बनकर ठगी करने वाला एक गिरफ्तार
- कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली फेज-3 पुलिस ने फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बनकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने आरोपी को बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र से दबोच लिया। पुलिस इसके साथियों की तलाश कर रही है।
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी गौरव सिंह ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप था कि उन्होंने महिंद्रा फाइनेंस कंपनी से वर्ष 2021 में कार फाइनेंस कराकर खरीदी थी। 27 मई 2025 की सुबह वह गाड़ी से ऑफिस जा रहे थे। जब वह ग्लोबल स्कूल के पास पहुंचे तो कार सवार दो लोगों ने उनकी कार रुकवा ली और खुद को महिंद्रा फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताया। साथ ही गाड़ी की किस्त रुके होने का दावा किया।
आरोपियों ने कंपनी के अधिकारी की तर्ज पर रौब दिखाते हुए गाड़ी को छोड़ने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। गौरव द्वारा मान मनोव्वल किए जाने पर आरोपियों ने पांच हजार रुपये की मांग की। अन्यथा गाड़ी जमा करने के लिए कहा। इसके बाद पीडि़त ने सत्येंद्र यादव नामक व्यक्ति के खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। पीडि़त जब फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली तब फर्जीवाड़ा का पता चला। इसके बाद पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने इस मामले में सोरखा गांव निवासी सतेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि आरोपी एप पर वाहनों की जानकारी प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद उन लोगों के साथ ठगी करते थे।