पलवल। साल 2024 में मीसा गांव में पुलिस पार्टी पर हुए हिंसक हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान मीसा के रहने वाले विष्णु के रूप में हुई है।
चांदहट थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने बताया कि घटना 27 जुलाई 2024 की रात की है। तत्कालीन स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज उप-निरीक्षक हनीस खान को सूचना मिली थी कि मीसा गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है और गोली चली है। जब पुलिस टीम सरकारी बोलेरो से रसूलपुर रोड पहुंची तो करीब 125-150 लोगों की उग्र भीड़ ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस द्वारा रास्ता साफ करने पर भीड़ ने पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में बोलेरो क्षतिग्रस्त हुई और एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी राहुल (पुत्र जिले सिंह), राहुल (पुत्र डालचंद) और हरवीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एएसआई अनीता की विवेचना टीम ने फरार चल रहे विष्णु को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। संवाद