चार वर्षीय मासूम के कुएं में गिरने के बाद लगी लोगों की भीड़
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के गौरैए गांव में बृहस्पतिवार सुबह घर के सामने खेलते समय चार वर्षीय बच्चा कुएं में गिर गया। परिजनों की चीख-पुकार पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गौरैए गांव निवासी राकेश रैदास का चार वर्षीय पुत्र अंकित सुबह करीब आठ बजे घर के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पुराने कुएं की ओर चला गया और उसमें गिर गया। मौके पर मौजूद बच्चों ने दौड़कर घरवालों को जानकारी दी। मां अनीता देवी और परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और शोर मचाया जिसपर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना चौकी गुरैली पुलिस को दी गई। चौकी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पिता राकेश ने बताया कि कुएं में करीब 30 फीट पानी है। पुराना कुआं होने की वजह से उसकी दीवारें और ढांचा कमजोर हो चुका था। बचाव दल ने रस्सी, कांटा और अन्य उपकरणों की मदद से बच्चे को निकालने की कोशिश की लेकिन पानी की गहराई और कुएं की संकरी बनावट के कारण मुश्किलें बढ़ गईं।
पिता के मुताबिक, कुएं में दो लोहे के खंभे भी टूटकर गिर गए थे जिससे कांटा घुमाने में दिक्कत हो रही थी। घंटों प्रयास के बाद भी सफलता न मिलने पर प्रशासन ने गोताखोरों को बुलाया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे गोताखोरों ने मासूम अंकित का शव बाहर निकाला।
बच्चे को मृत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल कृष्ण कुमार ने बताया कि बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है, परिवार को हर संभव सहायता दिलाई जाएगी। वहीं गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पुराने खुले कुओं को ढंका जाए ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।
चार वर्षीय मासूम के कुएं में गिरने के बाद लगी लोगों की भीड़