आधार सीडिंग नहीं होने से अटका भुगतान, दिसंबर तक सभी पात्रों को राशि देने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते-मोजे, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए मिलने वाली 1200 रुपये की डीबीटी राशि का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। गौतमबुद्ध नगर में करीब चार हजार विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में अभी तक यह धनराशि नहीं पहुंची है। जिले में योजना के दायरे में करीब 88 हजार विद्यार्थी हैं जिनमें लगभग 4.55 प्रतिशत बच्चे अब भी इस लाभ से वंचित हैं। वहीं करीब 95.45 प्रतिशत विद्यार्थियों के अभिभावकों को राशि मिल चुकी है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि अभी भी करीब चार हजार विद्यार्थियों का डीबीटी भुगतान होना बाकी है। इसका मुख्य कारण अभिभावकों के बैंक खातों में आधार सीडिंग नहीं होना है। बैंक खाते और आधार का सत्यापन पूरा नहीं होने के कारण राशि ट्रांसफर नहीं हो पा रही है। विभाग की ओर से लंबित मामलों को पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। लक्ष्य है कि दिसंबर तक सभी पात्र विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में राशि पहुंचा दी जाए।
जुलाई में 16 हजार बच्चों का भुगतान था लंबित :
इस साल जुलाई में भी गौतमबुद्ध नगर के करीब 16 हजार विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में राशि नहीं पहुंची थी। इनमें आधार सीडिंग और पंजीकरण संबंधी कमियां प्रमुख वजह बताई गई थीं। हालांकि नवंबर में बीएसए के मुताबिक यह संख्या घटकर करीब चार हजार रह गई है।
एक विद्यार्थी के लिए 1200 रुपये निर्धारित :
शासन की ओर से प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के लिए सालाना 1200 रुपये की व्यवस्था की गई है। इसमें दो जोड़ी यूनिफॉर्म के लिए 600 रुपये, स्वेटर के लिए 200 रुपये, स्कूल बैग के लिए 175 रुपये, जूते-मोजे के लिए 125 रुपये और स्टेशनरी के लिए 100 रुपये निर्धारित हैं। यह धनराशि अभिभावकों के आधार से जुड़े बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है।
दिसंबर तक भुगतान पूरा करने का लक्ष्य :
विभाग के सामने अब शेष चार हजार विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों की आधार सीडिंग और सत्यापन पूरा कराने की चुनौती है। बीएसए के मुताबिक दिसंबर तक सभी लंबित मामलों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सर्दी के मौसम में बच्चों को स्वेटर और अन्य जरूरी सामग्री के लिए सहायता राशि समय पर मिल पाती है या नहीं।