लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 69 वीं राष्ट्रीय विद्यालयी राष्ट्रीय एथल
बहरियाबाद। 69 वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिले के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में 13 से 17 दिसंबर तक होगी। जिला क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह तथा व्यायाम शिक्षक संजीव सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के आधार पर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान फैजाबाद की ओर से नामित चयनकर्ताओं की संस्तुति पर जिले की तीन बालिकाओं तथा एक बालक का चयन किया गया है। बताया कि मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में पांच दिवसीय 69 वीं प्रदेशीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। टीम मैनेजर-कोच डा. रुद्रपाल यादव, अखिलेश यादव तथा रणजीत चौहान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व कर रही अंडर-17 जूनियर बालिका वर्ग की नंदिनी राजभर ने 800 मीटर, खुशबू यादव ने 3000 मीटर पैदल चाल, आरती यादव ने 3000 हजार मीटर दौड़ और इसी आयु वर्ग में बालकों में आदित्य यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। चयनकर्ताओं ने प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन किया। इन सभी चयनित खिलाड़ियों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर पांच दिसंबर से गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम लखनऊ में आयोजित है।
ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता कल-भीमापार। शिक्षा क्षेत्र सादात के उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के खेल मैदान पर छह दिसंबर को परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने बताया कि, इसके प्राथमिक स्तर में 50, 100, 200, 400 मीटर की दौड़, लंबी कूद और जूनियर वर्ग में 100, 200, 400, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, योगासन, समूह गान, एकांकी, अंताक्षरी आदि की प्रतियोगिताओं में बालक व बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। मुख्य अतिथि सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक वाराणसी हेमंत राव विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। संवाद