सोसाइटी निवासी व यूपी पुलिस में दरोगा शबनम कुमारी ने बताया कि उसका बेटा मोहक देवगन रविवार शाम अपने मामा अनिल पासवान, मामा की 12 वर्षीय बेटी और अपने एक दोस्त के साथ जगत फार्म गया था। वहां सभी ने रोशनी एग रोल कॉर्नर से चिकन एग रोल लिए। खाने के बाद रात करीब 9 बजे घर पर पहुंचे तो 12 साल की बच्ची की तबीयत खराब हो गई। पेट दर्द के साथ उल्टी व दस्त की समस्या रही। उसे डॉक्टर को दिखाया गया। वापस घर आने के बाद अनिल पासवान की तबीयत भी खराब हो गई।
तेज बुखार के साथ उल्टी व दस्त की समस्या रही। सोमवार को मोहक और उसके दोस्त को तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद शाम तक सभी को घर भेज दिया गया, लेकिन मोहक का दोस्त अभी भी अस्पताल में भर्ती है। हालांकि अन्य की तबीयत अभी ठीक नहीं है। उल्टी व दस्त की समस्या अभी भी है। फिर से डॉक्टर को दिखाना होगा। उनका कहना है कि सोसाइटी के और लोगों ने भी बीमार होने की जानकारी दी। कुछ का कहना है कि उन्होंने एक दिन पहले रोल खाया था तो उनको भी उल्टी दस्त की समस्या रही थी। इसकी शिकायत प्रशासन से की है।
वहीं शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को जगत फार्म जाकर रोशनी एग रोल कॉर्नर की जांच की। सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दुकान से एक एग और एक चिकन एग रोल का नमूना लिया गया है। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुकान संचालक को साफ सफाई व शुद्धता का ध्यान रखने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है।