महिलाओं को चार नए पिंक शौचालयों का तोहफा
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण महिलाओं को चार नए पिंक शौचालयों का तोहफा देगा। इनको मिलाकर शहर में कुल 16 पिंक शौचालय हो जाएंगे। महिलाओं की विशेष मांग पर प्राधिकरण पिंक शौचालय तैयार करा रहा है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है।
प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि शहर में चार नए स्थानों पर पिंक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसमें सेक्टर-67, 100, 15ए और सेक्टर-104 शामिल हैं। इनमें से दो स्थानों पर शौचालय का निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है। वहीं, दो जगहों पर निर्माण शुरू होना बाकी है। उन्होंने बताया कि सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देशन में इस तरह के पिंक शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। अब तक 12 पिंक शौचालय आम जनता के लिए खोल दिए गए हैं। सीईओ ने हाल ही में ट्वीट कर पिंक शौचालयों से महिलाओं को होने वाले फायदे गिनाए थे। वहीं, कुछ नए पिंक शौचालयों के निर्माण की बात भी कही थी।
दरअसल, पिंक शौचालयों में महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसमें सेनेटरी नैपकिन के अलावा बच्चों के लिए भी दूसरी अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे शौचालयों में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। उनकी ओर से शहर के कुछ अन्य स्थानों में भी इस तरह की व्यवस्था करने की मांग की गई थी, जिसे ध्यान में रखकर नए पिंक शौचालयों के निर्माण का फैसला लिया गया।