फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: जालिम गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, एक को लगी गोली

विज्ञापन
विज्ञापन
सेक्टर-58 पुलिस से हुई मुठभेड़, नोएडा सहित एनसीआर में दे रहे थे वारदात को अंजाम
विज्ञापन

गूगल मैप का इस्तेमाल कर ट्रैफिक के अधिक दबाव वाले क्षेत्र देखकर करते थे वारदात

माई सिटी रिपोर्टर

नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ में जालिम गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से चोरी के 6 मोबाइल, तमंचा व बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। बदमाश गूगल मैप का इस्तेमाल कर ट्रैफिक के अधिक दबाव वाले क्षेत्र में वारदात को अंजाम देते थे।

एडीसीपी मनीष मिश्र ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस की टीम सोमवार रात को सेक्टर-62 में चेकिंग कर रही थी। जयपुरिया चौराहे के पास पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई को तो रेलवे रोड, मेरठ निवासी एजाज के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। इसके बाद इनकी निशानदेही पर दो बदमाशों को सेक्टर-62 से पकड़ा गया। अन्य आरोपियों की पहचान रेलवे रोड, मेरठ निवासी गिरोह सरगना खुर्रम और उमरदराज व लिसाड़ी गेट निवासी आसिम के रूप में हुई है। चारों नोएडा, मेरठ व दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में कार का शीशा खटखटाकर सड़क हादसे आदि का बहाना बनाकर मोबाइल व अन्य सामान चुरा लेते थे। इन बदमाशों ने ही 17 सितंबर को सेक्टर-60 में एक कार से मोबाइल चुराया था। मामले में कोतवाली सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस गिरोह के बदमाशों महफूज व नईम की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

एक-दूसरे को कहते हैं जालिम

एसीपी शैव्या गोयल का कहना है कि बदमाश आपस में कोडवर्ड में बातें कर एक-दूसरे को जालिम कहते हैं। इस कारण गिरोह का नाम जालिम पड़ गया। बदमाश मोबाइल को सवारी कहते हैं। अगर एक मोबाइल चोरी कर लिया तो ये लोग एक सवारी मिल गई कहकर बात करते थे। इसी तरह कोई बदमाश गिरफ्तार हो गया तो उसे नक्की होना कहते थे।
गूगल मैप का इस्तेमाल

आरोपियों ने बताया कि चारों नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक के अधिक दबाव वाली जगहों पर जब गाड़ी धीमी हो जाती थी तो वारदात अंजाम देते थे। इसके लिए ये गूगल मैप का इस्तेमाल करते थे। इससे जाम वाले क्षेत्र देखकर पहुंच जाते थे। जब किसी कार की गति जाम में धीमी हो जाती थी तो चालक सीट की तरफ से बदमाश शीशा खटखटाता था। जब कार चला रहा शख्स शीशा खोलकर बात करता था तो दूसरी तरफ से दूसरा बदमाश शीशा खटखटाने लगता था। इसी दौरान बातों में उलझाकर आरोपी मोबाइल व अन्य सामान चुरा लेते थे।
विज्ञापन


5वीं तक पढ़े हैं चारों
आसिफ, एजाज, उमरदराज, खुर्रम पहले भी मेरठ में जेल जा चुके हैं। एजाज व आसिफ पर 7-7, उमरदराज पर 13 व खुर्रम पर 9 मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपी मेरठ के लिसाड़ी गेट मकबरा डिग्गी और श्याम नगर क्षेत्र में रहते हैं और 5वींं पास हैं। चारों दिखाने के लिए अलग-अलग काम से जुड़े हुए हैं। एजाज राज मिस्त्री, खुर्रम रेहड़ी पर कपड़े बेचना, उमर दराज ई-रिक्शा चलाना व असीम कैंची पर धार लगाने का काम करता है। चारों आपस में वॉयस कॉलिंग पर बात करते थे। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें