बृहस्पतिवार को शुरू हुई राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता, 18 जनवरी तक चलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जिले के चार कबड्डी खिलाड़ी आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए चारों खिलाड़ियों का चयन राज्य कबड्डी प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 15 से 18 जनवरी तक बालक वर्ग में 51वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ी आयुष कुमार, रचित यादव, परमजीत, अमन यादव यूपी टीम की ओर से खेल रहे हैं।
सभी खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा के चूहड़पुर स्थित जेडी कबड्डी अकादमी में जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष और कोच जितेंद्र नागर की देखरेख में कबड्डी के गुर सीखते हैं। कोच ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि चारों खिलाड़ी अपने खेल से उत्तर प्रदेश को जीत दिलाकर ट्रॉफी के साथ लौटेंगे। अमन यादव को छोड़कर बाकी तीन खिलाड़ी हाल ही में नोएडा के सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में संपन्न हुई प्रो कबड्डी लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।