नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सफीपुर के पास हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सफीपुर के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। वाहन को जब्त कर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। एसीपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस और थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को हल्की चोटें आईं हैं और वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।