यमुनानगर। डेंगू के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। गत पांच दिन में ही स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में डेंगू के चार नए मरीज आ गए हैं। इससे इस साल मिले डेंगू मरीजों का कुल आंकड़ा 40 पर पहुंच गया। नए मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके परिवार व पड़ोसियों के सेंपल लिए, वहीं आसपास मच्छर भगाने गतिविधियां की। साथ ही लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड अनुसार नौ से 13 अक्तूबर के बीच डेंगू के नए चार मरीज मिले हैं। ये चार मामले शिवपुरी-बी, गांव भोगपुर, कैंप की विजय कॉलोनी व व्यासपुर के गांव बसातियांवाला के हैं। शिवपुरी-बी में दस वर्षीय बच्चा, गांव भोगपुर में 21 वर्षीय युवक, विजय कॉलोनी में 24 वर्षीय युवक, गांव बसातियांवाला में 40 वर्षीय आदमी डेंगू से ग्रसित मिले हैं। चारों को पहले बुखार हुआ, जो दवा लेने पर ठीक न होने पर इनके सेंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे गए। इसमें चारों की सेंपल रिपोर्ट में उन्हें डेंगू होने की पुष्टि हुई है। संवाद