देशभर से 30,765 महिलाओं और 36,990 पुरुषों ने किए आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राथमिक विद्यालयों में बीएड डिग्री के आधार पर कार्यरत शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) की ओर से शुरू किए गए ब्रिज कोर्स में आवेदन के लिए सिर्फ चार दिन बचे हैं। अब तक देशभर से 67,761 शिक्षकों ने आवेदन किया है।
छह महीने के इस कोर्स के लिए 24 नवंबर 2025 से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। पहले पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2025 थी। बाद में इसे बढ़ाकर 19 जनवरी कर दिया गया। अब तक 30,765 महिलाओं और 36,990 पुरुषों ने आवेदन किए हैं।
इनके लिए अनिवार्य है कोर्स
यह ब्रिज कोर्स उन सभी शिक्षकों के लिए अनिवार्य है जो 28 जून 2018 से 11 अगस्त 2023 के बीच प्राथमिक विद्यालयों में सेवा से जुड़े हैं और वर्तमान में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को पढ़ा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त 2023 के अपने फैसले में कहा था कि केवल बीएड डिग्री प्राथमिक शिक्षण के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी के बाद बीएड और प्राथमिक शिक्षण के बीच मौजूद अंतर को खत्म करने के लिए इस ब्रिज कोर्स को तैयार किया गया है।
क्यों है जरूरी
कोर्स का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को प्राथमिक स्तर की शिक्षा के अनुरूप शिक्षण शास्त्र, बाल मनोविज्ञान, कक्षा प्रबंधन, भाषा कौशल और सीखने-सिखाने की बुनियादी पद्धतियों से मजबूत करना है।