-तमंचे, चोरी का सामान और बिना नंबर प्लेट की दो बाइकें बरामद, आरोपियों पर दर्ज हैं 49 आपराधिक मामले
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जबकि उनके दो अन्य साथियों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी का सामान और बिना नंबर प्लेट की दो बाइक भी बरामद की हैं। गिरफ्तार बदमाश मोतिहारी के महेश (32) पर नौ, दनकौर के चीती गांव निवासी आकाश (29) पर सात, मधुबनी के देवेंद्र उर्फ देबू शर्मा (40) पर 19 और अलीगढ़ के सतपाल (50) पर 14 समेत कुल 49 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि थाना सूरजपुर की टीम मोजर वियर गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। घायलों की पहचान मुकेश और आकाश, जबकि कांबिंग के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान देवेन्द्र शर्मा और सतपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी थाना सूरजपुर में दर्ज चोरी के विभिन्न मामलों में वांछित थे। मुकेश और आकाश के पास से ड्रिल मशीन और ड्रिल रॉड भी मिली हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गांव तिलपता और देवला में हुई चोरी के मामलों का भी खुलासा किया है। पुलिस बरामद बिना नंबर प्लेट की बाइकों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी:
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास है। मुकेश के खिलाफ झांसी और गौतमबुद्धनगर में हत्या के प्रयास, चोरी और गैंगस्टर एक्ट में कई मामले दर्ज हैं। वहीं आकाश पर भी चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे चल रहे हैं। वहीं, देवेन्द्र शर्मा और सतपाल के खिलाफ भी चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं। गैंग लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं।