कमलापुर (सीतापुर)। लोकतंत्र सेनानी की पिटाई के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। वहीं, एक आरोपी गिरफ्तर कर लिया गया है। पुलिस अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इलाके का मनिकापुर सुल्तानपुर इन दिनों सुर्खियों में है। एक सप्ताह में यहां लगातार सूर्य प्रसाद यादव और रहीस के अपहरण के प्रयास की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पीड़ितों के मुताबिक नकाबपोश बदमाशों ने उनके अपहरण का प्रयास किया था। पुलिस के मुताबिक पहली घटना में पीड़ित पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। रहीस ने काम से बचने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची थी।
इस बीच रविवार की दोपहर कुछ लोगों ने अपने जजमान के यहां गनेशपुर जा रहे जगदीशपुर मजरा पतारा कला निवासी लोकतंत्र सेनानी, राधाकृष्ण मंदिर कमलापुर के पुजारी रमेश चंद्र द्विवेदी की पिटाई कर दी। पीड़ित के मुताबिक अगारहार गांव के पास अपनी साइकिल खड़ी कर नित्यक्रिया से निवृत्त होने लगे, तभी कुछ लोग आ गए और उनकी पिटाई करने लगे। अफरा-तफरी में उनकी साइकिल व झोला भी गायब हो गया। हालांकि, तलाश के दौरान देर शाम गन्ने के खेत से साइकिल व झोला बरामद कर लिया गया। पीड़ित ने रविवार देर शाम नरसिंहपुर निवासी पप्पू, अगारहार निवासी लवकुश यादव व रंजीत और सिकटिहा निवासी विपिन कुमार पर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों समेत एक अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया।
कमलापुर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। अराजकता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अफवाह न फैलाने की अपील लोगों से की है।