आरोपियों के पास से तीन लाख रुपये समेत अन्य सामान बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से हुई 3.5 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से लूट के करीब तीन लाख रुपये, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
चक शाहबेरी निवासी जनसेवा केंद्र के संचालक हरेंद्र कुमार से बीती आठ अप्रैल की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने 3.5 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की यादव निवासी बम्हेटा गाजियाबाद, अमित निवासी अलीगढ़, जितेश उर्फ पंडित निवासी बुलंदशहर और धनेश उर्फ अनुज उर्फ छोटा डॉन निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी जितेश ने बताया कि चारों आपस में दोस्त हैं और अक्सर साथ रहते थे। अमित का तिगरी स्थित शीतला माता मंदिर के पास आना-जाना था। जहां उसे जनसेवा केंद्र पर बड़े पैमाने पर नकदी के लेन-देन की जानकारी मिली थी। इसके बाद चारों ने मिलकर लूट की साजिश रची।
रेकी कर वारदात को दिया था अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि रेकी के दौरान उन्हें पता चला था कि हरेंद्र कुमार रोजाना देर शाम केंद्र से नकदी लेकर पैदल घर जाते हैं। घटना वाले दिन दो बाइकों पर चारों सवार होकर पहुंचे थे। विक्की और अमित बिना नंबर प्लेट की बाइक से पहुंचे और मौका मिलते ही हरेंद्र से बैग छीन लिया, जबकि अन्य दो साथी आसपास नजर रख रहे थे। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है।