सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर में बनने वाले परिवार न्यायालय भवन का मॉडल।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एवं गौतमबुद्घ नगर के प्रशासनिक न्यायाधीश उमेश कुमार ने रविवार को गौतमबुद्घ नगर जिला न्यायालय परिसर में परिवार न्यायालय (फैमिली कोर्ट) के भवन का शिलान्यास किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील भाटी ने बताया कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला परिवार न्यायालय भवन होगा। नए भवन में चार कोर्ट बनेंगी। जिसमें चार जज विवाद निपटाएंगे। इससे लोगों को जल्द न्याय मिलेगा।
विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जय हिंद ने बताया दीवानी न्यायालय परिसर में प्रधान परिवार न्यायालय एवं अतिरिक्त प्रधान परिवार न्यायालय संचालित किया जा रहा है। इसमें लगभग 4900 वाद विचाराधीन हैं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशन में परिसर में ही अलग से परिवार न्यायालय भवन का निर्माण कार्य यूपी जल निगम द्वारा किया जा रहा है।
रविवार को परिवार न्यायालय भवन के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में न्यायमूर्ति उमेश कुमार, पत्नी अंजली श्रीवास्तव, सप्तम जिला जज गौतमबुद्ध नगर अशोक कुमार, पत्नी सुनीता सिंह के साथ उपस्थित रहे। इसके अलावा परिवार न्यायालय गौतमबुद्घ नगर के प्रधान न्यायाधीश मंजीत सिंह श्योराण, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण अशोक कुमार सिंह, पीठासीन अधिकारी वाणिज्य न्यायालय इंद्रप्रीत सिंह जोश , एडवोकेट राजेंद्र नागर, विजय चौधरी, रामसरन नागर, विपिन भाटी, पवन तालान, अजय चौधरी, ललित शर्मा, अजनेश खारी आदि मौजूद रहे।
20.58 करोड़ की लागत से 18 माह में तैयार होगा भवन
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील भाटी ने बताया कि परिवार न्यायालय भवन के निर्माण की अनुमानित लागत करीब 20.58 करोड़ है। करीब 18 माह में भवन का निर्माणकार्य पूरा हो जाएगा।