अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले जन्म प्रमाणपत्र जारी करने की पहल भी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। परिषद के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने बृहस्पतिवार को भाई वीर सिंह मार्ग स्थित गोल मार्केट संग्रहालय के लिए सबवे योजना का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने माताओं को अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले समय पर शिशु का जन्म प्रमाणपत्र जारी करने की नई पहल का शुभारंभ भी किया।
गोल मार्केट संग्रहालय के लिए बनाए जा रहे सबवे के बारे में चंद्रा ने बताया कि एनडीएमसी मौजूदा गोल मार्केट भवन को राष्ट्रीय महत्व के संग्रहालय के रूप में विकसित कर रही है। आगंतुकों, छात्रों और पर्यटकों की सुरक्षित और आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 40 मीटर लंबे, तीन मीटर ऊंचे और 3.5 मीटर चौड़े सबवे का निर्माण कराया जाएगा। इसमें दिव्यांगों के लिए प्रवेश और निकास बिंदुओं पर लिफ्ट की भी सुविधा रहेगी। लगभग 1.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। सबवे सहित पूरे संग्रहालय को पुनर्विकास करने की लागत 21.67 करोड़ रुपये है। परियोजना को फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में एनडीएमसी ने आरएमएल अस्पताल एवं अटल बिहारी आयुर्विज्ञान संस्थान के सहयोग से जन्म प्रमाणपत्र मरीज की छुट्टी से पहले देने की शुरुआत की। महापंजीयक कार्यालय के परिपत्र के अनुरूप इस पहल से माता-पिता को बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र अस्पताल से छुट्टी की औपचारिकताओं के साथ ही उपलब्ध हो जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत आरएमएल अस्पताल में हुई जिसमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी और एनडीएमसी अधिकारी मौजूद रहे।