पौधरोपण के लिए वन विभाग ने शुरू की जमीन की तलाश
नोएडा प्राधिकरण उपलब्ध करवाएगी जमीन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जुलाई की शुरुआत होते ही शहर में पौधरोपण शुरू हो जाएगा। ऐसे में दादरी रेंज में पौधरोपण करने के लिए वन विभाग की ओर से जमीन का चयन शुरू कर दिया गया है। पौधरोपण के लिए जमीन देने का कार्य नोएडा प्राधिकरण की ओर से किया जाएगा। इसके बाद वन विभाग की ओर से पौधरोपण होगा।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष सेक्टर 43 में 2 हेक्टेयर जमीन मिली थी और वन विभाग की ओर से वहां वृहद स्तर पर करीब दो हजार पौधे लगाकर छोटे-छोटे वन बनाए गए थे। आज यह वन हरा भरा हो रहा है। इसके साथ ही इस साल भी पौधरोपण करवाने के लिए भूमि चयन के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से कुछ जगह बताई गई हैं, जहां पर वन विभाग की टीम ने जाकर स्थिति देखी है। हालांकि अब तक जमीन फाइनल नहीं हो पाई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बार 2 से 5 हेक्टेयर जमीन तलाशी जा रही है और इस बार 2 हजार से अधिक पौधे एक जगह पर लगाए जाएंगे। इस बार का पौधरोपण जुलाई में होगा।
मिट्टी पर पहले देना होता है ध्यान
अधिकारियों ने बताया कि नोएडा की मिट्टी ऐसी नहीं है, जहां तुरंत खोदाई करने के बाद तुंरत पौधे लगा दिए जाएं। भूमि का चयन करने के बाद वहां पर खोदाई करके कुछ दिन के लिए छोड़ना पड़ता है, ताकि मिट्टी को हल्की हवा भी मिल सके। यदि बारिश हो गई तो दिक्कत नहीं होती है। ऐसे में मिट्टी में नर्माहट आ जाती है और मिट्टी पौधे लगाने के लायक बन जाती है।