यमुना सिटी में किरायेदारों के सत्यापन को लेकर 22डी सोसायटी के गेट पर लगा पुलिस की गाइडलाइन का ब
- लगातार शिकायत के बाद पुलिस हुई सख्त, 22डी सोसाइटी में लगाई गई गाइडलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। अब बिना पासपोर्ट और वीजा के विदेशी नागरिक 22डी सोसाइटी में किराये पर मकान नहीं ले सकेंगे। सोसाइटी में रहने के लिए उन्हें पासपोर्ट, वीजा, फार्म सी जमा कराने होंगे। साथ ही पुलिस वेरिफिकेशन कराना होगा। सोसाइटी से लगातार आ रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विदेशी नागरिकों को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। पुलिस की ओर से जारी गाइडलाइन का बोर्ड भी सोसाइटी के अंदर लगाया गया है।
सोसाइटी में विदेशी नागरिकों के उपद्रव से परेशान 22डी सोसाइटी निवासी लगातार आवाज उठा रहे थे। निवासियों ने बैठक कर सभी फ्लैट मालिकों से किरायेदारों के दस्तावेज की जांच के साथ पुलिस सत्यापन कराने की अपील की थी। उनका कहना है कि बिना सत्यापन के सोसाइटी में रहने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है। ऐसे में प्रत्येक किरायेदार का पूरा विवरण सोसाइटी और पुलिस के पास उपलब्ध होना जरूरी है।
निवासी समर्पित आर्य ने बताया कि किरायेदारों के सत्यापन और सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निवासियों ने पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक की थी। इसके बाद पुलिस की ओर से सोसाइटी में गश्त भी शुरू की गई। अब पुलिस के सहयोग से सोसाइटी के मुख्य गेट पर दिशानिर्देशों से संबंधित बोर्ड लगाया गया है। इस बोर्ड पर किरायेदारों के सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई है। सोसाइटी के मुख्य प्रवेश द्वार पर बोर्ड लगाए जाने से फ्लैट मालिकों और नए किरायेदारों को सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।