संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। सेहत विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच व फूड सेफ्टी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दोराहा, पायल, खन्ना, समराला, माछीवाड़ा और सुभाष नगर में एक व्यापक जांच अभियान चलाया।
इस अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में बाजारों में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को सुनिश्चित करना था। टीम ने मिठाई की दुकानों, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं व अन्य खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों में दबिश दी और विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री की गहन जांच करते हुए काजू कतली, पनीर, खोया, दही, घी, चमचम, खाना पकाने का तेल, जैम रोल, बर्फी, बेसन लड्डू, खोया बर्फी और मिल्क केक के 19 सैंपल एकत्रित किए।
इन सैंपलों को गुणवत्ता जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी को भेजा गया, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम ने एक खाद्य इकाई के भीतर स्वच्छता में कमी पाए जाने के कारण चालान जारी किया और भविष्य में साफ सफाई रखने की हिदायत दी। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फोटो: खाद्य सामग्री की जांच व सैंपल भरते फूड सेफ्टी टीम।