नोएडा (रणजीत मिश्रा)। शहर के सबसे बड़े बाजार अट्टा व सेक्टर-18 को एक दूसरे से जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। दोनों बाजारों के बीच पैदल आवाजाही करने वाले करीब एक लाख लोगों की सहूलियत के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) या सबवे बनाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है।
अट्टा व सेक्टर-18 बाजार मुख्य सड़क की दोनों ओर स्थित हैं। यहां हर वर्ग के लिए खरीदारी करने का बेहतर विकल्प है। इस कारण करीब एक लाख लोग यहां रोज खरीदारी करने आते हैं। शनिवार और रविवार के अलावा अवकाश के दिनों में भीड़ और ज्यादा बढ़ जाती है। दोनों बाजारों को आपस में जोड़ने के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। भीड़भाड़ के कारण यहां जाम की स्थिति भी बनी रहती है। लोग जान जोखिम में डालकर डिवाइडर से कूदकर दोनों मार्केट में आते-जाते हैं। इसे देखते हुए यातायात विभाग ने यहां सबवे या एफओबी बनाने का प्रस्ताव तैयार कर सर्वे शुरू का दिया है। इसे जल्द ही प्राधिकरण को भेजा जाएगा।
मेट्रो कॉरिडोर के कारण सही जगह की तलाश
अट्टा मार्ग के बीच से दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाली ब्लू लाइन मेट्रो कॉरिडोर भी है। इसकी ऊंचाई अड़चन नहीं बनी तो एफओबी बनने की उम्मीद ज्यादा है। अगर मेट्रो अड़चन बनी तो सबवे बनाया जाएगा। इसे बनाने के लिए सही जगह की तलाश की जा रही है, ताकि लोगों को ज्यादा दूर तक पैदल न चलना पड़े।
दुर्घटनाओं का बना रहता है खतरा
दोनों बाजारों के बीच रोजाना डिवाइडर से छलांग लगाकर लोग सड़क पार करते हैं। हालांकि, मेट्रो स्टेशन का विकल्प भी है, लेकिन इसके लिए काफी चलना पड़ता है। स्टेशन में यात्रियों की भीड़ होने पर सड़क पार करने वालों की भीड़ से समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। लोग डिवाइडर से छलांग लगाकर सड़क पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जाम की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ता है।
अट्टा मार्ग को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। एफओबी या सबवे के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। प्रस्ताव बनाकर प्राधिकरण को भेजा जाएगा। -आशुतोष सिंह, यातायात निरीक्षक
प्राधिकरण की तरफ से बाजार हमेशा से उपेक्षित रहा है। यहां व्यापारियों व खरीदारों की सुविधा को नजरअंदाज किया जा रहा है। प्राधिकरण से लगातार एफओबी या सब-वे बनाने की मांग उठाई जा रही है। -सीबी झा, अध्यक्ष अट्टा मार्केट एसोसिएशन
प्राधिकरण से अट्टा अंडरपास के समीप यू-टर्न या फुटओवर ब्रिज बनाने की बात रखी गई थी। प्राधिकरण ने सबवे निर्माण का आश्वासन भी दिया था। जल्द योजना पर काम होना चाहिए। -एसके जैन, अध्यक्ष सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन