16 घरेलू गंतव्यों के लिए रोजाना औसतन 35 उड़ानें, दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू करने की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। इससे पहले आने वाले कुछ सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मालवाहक सेवाएं शुरू करने की योजना है। एयरपोर्ट प्रबंधन पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजारों के लिए विमानन कंपनियों से बातचीत कर रहा है। सर्दियों के उड़ान कार्यक्रम में घरेलू गंतव्यों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट की सीईओ नीतू समरा के मुताबिक, जून में पांच गंतव्यों के लिए उड़ानों के साथ परिचालन शुरू हुआ था। अब एयरपोर्ट 16 घरेलू गंतव्यों से जुड़ चुका है। यहां से रोजाना औसतन 35 उड़ानों का संचालन हो रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन का लक्ष्य पहले चरण में निर्धारित उड़ान नेटवर्क का विस्तार करना है। हालांकि, नए मार्गों और उड़ानों की संख्या तय करने का निर्णय संबंधित विमानन कंपनियां लेंगी। वे अपने परिचालन और व्यावसायिक योजनाओं के आधार पर यह फैसला करेंगी।