बालगृह में निरीक्षण करने पहुंचे टीम के सदस्य।
- फोटो : Mewat
बालगृहों के निरीक्षण में मिलीं खामियां, फटकारा
तावडू। हरियाणा राज्य बाल संरक्षण समिति की दो सदस्यीय टीम ने बृहस्पतिवार को जिला बाल संरक्षण अधिकारी व जिला बाल कल्याण समिति के चेयरमैन के साथ जिले के तीनों बालगृहों का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर टीम ने बालगृह प्रबंधन को फटकारा और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय समिति के प्रोग्रामिंग अधिकारी विपुल और अमनदीप ने बताया कि यह समिति का वार्षिक निरीक्षण था। इसके तहत नूंह जिले के तावडू उपमंडल के अंतर्गत पीसीआई (भंगोह), दीपालय (घुसपैठी) और ऑर्फन इन नीड (पीपाका) बालगृहों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की शैक्षणिक व्यवस्था और स्वास्थ्य, बालगृहों का रिकॉर्ड, बच्चों के रहने खाने आदि की व्यवस्था जांची गई। उन्होंने बताया कि दीपालय बालगृह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी समय से उनके पास शिकायतें पहुंच रही थी। इस संबंध में बालगृह प्रबंधन को समुचित सुरक्षा व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।