फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच लापरवाही वाहन चालकों की जेब पर पड़ेंगी भारी

विज्ञापन
सेक्टर-28 कार मार्केट के बाहर सड़क पर मरम्मत के लिए खड़े वाहन।
विज्ञापन
नोएडा (योगेश शर्मा)। शहर की सड़कों पर वाहन चलाते समय ही नहीं, बल्कि पार्किंग में वाहन खड़ा करने के दौरान भी एहतियात बरतें। जरा सी लापरवाही जेब पर भारी पड़ सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। बाजारों से लेकर अस्पतालों तक के बाहर सड़कों पर खड़े वाहनों के ई-चालान काटे जा रहे हैं। चालान कटने का पता तब चलता है, जब मोबाइल पर मेसेज आता है या फिर चालान घर पहुंचता है। किन स्थानों पर सावधानी बरतने की जरूरत है और चालान की जानकारी कैसे ली जा सकती है। पेश है यह रिपोर्ट...
विज्ञापन

कार मैकेनिक - आपके कार मैकेनिक की लापरवाही भी आपको महंगी पड़ सकती है। सेक्टर-28, 66, 16 से लेकर निठारी तक की ऑटो मार्केट में मैकेनिक वाहनों को सड़क पर खड़ा कर मरम्मत करते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने सर्विस सेंटरों और सड़कों पर मरम्मत के लिए खड़े वाहनों के चालान काटने शुरू कर दिए हैं।
अस्पताल - खुद बीमार हैं या फिर किसी परिचित की खैर-खबर लेने अस्पताल जा रहे हैं तो बाहर सड़क पर वाहन खड़ा करने से पहले देख लें कि कहीं नो पार्किंग जोन तो नहीं है। अस्पतालों के बाहर भी वाहनों के फोटो कैमरे में कैद कर चालान घर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन

बाजार - जिन बाजारों में पार्किंग की सुविधा नहीं है वहां सड़क पर आपका वाहन बिल्कुल सुरक्षित नहीं है। सेक्टर-18 जैसे बड़े बाजार में सरफेस पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है तो भी यहां चालान कट रहे हैं। ऐसे में बाजार में शॉपिंग या फिर घूमने जा रहे हैं तो नजदीकी वैध पार्किंग में ही वाहन खड़ा करना उचित होगा।
औद्योगिक क्षेत्र - कुछ दिनों से औद्योगिक क्षेत्रों में इकाइयों के बाहर खड़े वाहनों के चालान काटे जाने की कार्रवाई तेज हुई है। आप जिस कंपनी या ऑफिस में काम करते हैं, उसके बाहर सुरक्षित वाहन पार्किंग की सुविधा की जानकारी हासिल कर लें। इस क्षेत्र में भी ट्रैफिक पुलिस की टीमें ई-चालान काट रही हैं।
सरकारी कार्यालय - जनता का सरकारी कार्यालयों में आनाजाना अक्सर लगा रहता है। अधिकांश कार्यालयों के बाहर पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में लोग सड़क पर ही वाहन खड़ा कर चले जाते हैं। सरकारी कार्यालयों के बाहर भी ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटने का अभियान शुरू कर दिया है।
ऐसे लें चालान की जानकारी
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन स्वामियों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। वाहन चालक ऑनलाइन भी वाहन के चालान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए echallanparivahan.gàæv.in पर लॉगइन कर चालान का स्टेटस जाना जा सकता है।
पहली बार 500 फिर 1500 का झटका
प्रदेश में कहीं भी नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर पहली बार 500 रुपये का चालान कट रहा है। इसके बाद हर बार गलती दोहराने पर 1500 रुपये का चालान काटा जा रहा है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई तेज की गई है। जिस तरह शहर के लोगों ने हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की आदत डाल ली है। उसी तरह नो पार्किंग जोन में वाहन न खड़ा करने के प्रति लोगों को जागरूक होना होगा।
विज्ञापन

-गणेश प्रसाद साहा, डीसीपी ट्रैफिक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें