पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शांतिनगर निवासी अनिल तोमर कस्बे में व्यवसाय करते हैं। शनिवार को घर पर उनकी पत्नी रूबी (40) और चारों बच्चे दिव्या (14), दीपिका (10) दीपांशी (7) और प्रशांत उर्फ प्रिंस (5) थे। रविवार शाम को रूबी की तबीयत खराब थी। अनिल ने स्थानीय चिकित्सक को दिखाकर दवाई ले ली थी। तबीयत खराब होने के कारण रात में उनकी पत्नी ने फल खाए थे। जबकि बच्चों ने पास्ता खाया था। रविवार रात लगभग 3 बजे रूबी और बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। जिसके बाद पांचों को ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि दो बेटियां ठीक हैं।
सुबह बेटी की हुई मौत, शाम को बेटे ने तोड़ा दम
स्थानीय निवासियों के मुताबिक पत्नी और बच्चों की तबीयत खराब होने के बाद अनिल ने आनन-फानन में सभी को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह इलाज के दौरान बेटी दीपांशी ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं शाम को प्रशांत की भी मौत हो गई। दोनों बच्चों के शवों को पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया है।
महिला का हुआ था ऑपरेशन, परिजनों ने जताई इंफेक्शन की आशंका
अनिल ने बताया कि 6 जून को उसकी पत्नी रूबी का रसोली का ऑपरेशन हुआ था। ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में रूबी भर्ती थी और ऑपरेशन के बाद 7 जून को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। ऑपरेशन के समय दोनों बच्चे अस्पताल में अपनी मां के साथ थे, जबकि दोनों बड़ी बेटियां घर पर ही थी। अस्पताल से लौटने के तुरंत बाद शाम को ही सभी की तबीयत खराब होनी शुरू हो गई। जिसके बाद सभी को दुबारा यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के लोग मान रहे हैं कि अस्पताल में रहने के दौरान किसी तरह के संक्रमण के कारण बच्चों की मौत हुई है।
फूड प्वाइजनिंग मान रहे हैं चिकित्सक
बच्चों और महिला की हालत खराब होने के पीछे चिकित्सक फूड प्वाइजनिंग को कारण मान रहे हैं। हालांकि अभी चिकित्सकों ने बीमारी का कारण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं किया है। वहीं दोनों बच्चों की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिवार और रिश्तेदारी के लोग रबूपुरा उनके घर पहुंच गए।
तीन बहनों का अकेला भाई था बच्चा
प्रशांत अपनी तीन बहनों में सबसे छोटा था और अकेला भाई था। बेटी और बेटे की एक साथ मौत होने से पिता और पूरा परिवार सदमें में है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिससे मौत के सही कारण पता चल सके। - डॉ प्रवीण रंजन डीसीपी ग्रेटर नोएडा