जिले में कोरोना से पहली मौत, 7 नए संक्रमित मिले
नूंह। जिले में कोरोना संक्रमित पहले मरीज की मौत रविवार रात हुई। तावड़ू निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। वहीं सोमवार को कोरोना के 7 नए मामले सामने आए है। ये मामले चंदेनी, नगीना, पिनगवां, फिरोजपुर झिरका के आए है। वहीं 4 मरीज ठीक भी हुए है।
जिले में रविवार की देर रात तावडू शहर के एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हुई है। नूंह जिले में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। सोमवार को प्रशासन की देखरेख में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। उसके परिवार के अन्य दो सदस्य भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रविवार रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मरीज को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया। सिविल सर्जन डॉक्टर जेएस पुनिया व डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर अरविंद ने बताया कि कोरोना के प्रभाव को कम करने के लिए सभी को सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने की जरूरत है। बता दें, कि नूंह जिले में कोरोना के अब 66 एक्टिव मरीज हो गए हैं। जिले में अब तक कोरोना के 256 मामले सामने आए हैं। जिनमें अब तक 188 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं 9429 लोगों को निगरानी में रखा जा चुका है, जिनमें से 8371 लोगों का समय पूरा हो चुका है। शेष 1058 लोग निगरानी में हैं। अब तक 8418 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 8090 की रिपोर्ट निगेटिव आई हैद्घ फिलहाल 51 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।