822 किलो गांजे के साथ एक गिरफ्तार
पुन्हाना। पिनगवां पुलिस ने रविवार को 822 किलो और 350 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। हालांकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक व गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुन्हाना के उपपुलिस अधिक्षक विवेक चौधरी ने बताया कि रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली की एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा भरकर पिनगवां की ओर आ रहा है। पिनगवां थाना प्रभारी चंद्रभान की अगुवाई में शाह चोखा नहर पुल के पास नाकाबंदी की गई। उसी दौरान पुन्हाना की तरफ से एक ट्रक आता दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक को नाके से पहले ही गांव फलेंडी वाली सड़क की तरफ मोड़ दिया। पुलिस ने काफी दूर तक ट्रक का पीछा किया। कुछ दूरी पर ट्रक से दो बदमाश कूदकर गांव फलेंडी की तरफ भागे। सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र ने एक तस्कर को काबू कर लिया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए तस्कर की पहचान साहिल पुत्र अब्बास उर्फ अब्बास अली निवासी सारे कलां जिला अलवर राजस्थान के रूप में हुई है। उसने अपने फरार साथ का नाम सब्बीर उर्फ हबीब उर्फ हब्बी पुत्र दीनु निवासी सिंगार थाना बिछौर बताया है। पुलिस ने ट्रक में रखे 26 प्लास्टिक के कट्टों को खोलकर देखा, तो 822 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी साहिल से गहनता से पूछताछ की जा रही है।