नोएडा। सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी (कर्मचारी राज्य बीमा निगम) चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल में बृहस्पतिवार से शैक्षणिक सत्र 2025–26 की औपचारिक शुरुआत हुई। कॉलेज के पहले एमबीबीएस बैच के रूप में 50 छात्रों का दाखिला हुआ है। इस अवसर पर डीन डॉ. हरनाम कौर और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तनवीर करीम ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
ईएसआईसी महाविद्यालय की कुल 50 सीटों में से 50 प्रतिशत सीटें ईएसआईसी के इंश्योर्ड पर्सन्स (आईपी) कोटा के अंतर्गत आरक्षित हैं, जबकि शेष सीटें सामान्य कोटे के छात्रों के लिए हैं। कार्यक्रम में डॉ. कौर ने नवागत छात्रों को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता, ईमानदारी और मानव सेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस मौके पर शैक्षणिक रजिस्ट्रार डॉ. सीमा कालरा, संकाय सदस्य, छात्र-छात्राएं और अन्य अतिथि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह संस्थान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार और व्यावहारिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ब्यूरो