नोएडा। फेलिक्स अस्पताल में सातों दिन और 24 घंटे चलने वाला ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन केंद्र शनिवार (आज) से शुरू होने जा रहा है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक ओहरी और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी सुबह 11 बजे इसका शुभारंभ करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 24 घंटे वैक्सीनेशन की सुविधा उन लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जोकि नाइट शिफ्ट में काम करते हैं। ऐसे में उन्हें दिन में वैक्सीन लगवाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फेलिक्स अस्पताल के इस कदम से ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा सकेगा। ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन शुरू होने से अब वे लोग भी टीका लगवाने आ सकेंगे जो कोरोना के कारण केंद्रों पर जाने से डर रहे थे। ऐसे लोग अपने वाहन में बैठे-बैठे ही वैक्सीन लगवा सकते हैं।
फेलिक्स अस्पताल द्वारा नोएडा की विभिन्न सोसाइटियों और कॉरपोरेट कंपनियों में भी वैक्सीनेशन शिविर लगाए जाएंगे। फेलिक्स अस्पताल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता ने बताया कि इस मुहिम का उद्देश्य हर नागरिक को वैक्सीनेट करना है, ताकि लोगों में हार्ड इम्युनिटी डेवलेप हो सके और हमारा जनपद कोरोना मुक्त बन सके। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग टीकाकरण जरूर कराएं।