भाजयुमो के जिला महामंत्री ने खाईं नींद की गोलियां
जेवर। क्षेत्र के दो भाजपा नेताओं में चल रहे विवाद के बीच भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मोनू गर्ग ने शुक्रवार शाम नींद की कई गोलियां खा लीं। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इससे पहले शुक्रवार दोपहर जेवर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई थी, जिसमें मोनू गर्ग से जुड़े विवाद पर चर्चा हुई थी।
परिजनों ने बताया तीन दिन पहले पार्टी के ही एक पदाधिकारी से हुए विवाद के मामले में मोनू गर्ग पर फैसले का दबाव बनाया जा रहा है। जिससे आहत होने पर उन्होंने नींद की गोलियों का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारों को इस बात का पता चला। मोनू के कमरे में नींद की गोलियों का खाली पत्ता पड़ा हुआ था। परिजनों ने बताया कि मोनू गर्ग पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे व्यवहार से आहत है।
एफआईआर वापस लेने को लेकर हुई थी बैठक
25 मई की शाम मोनू गर्ग की पार्टी के ही एक नेता से सोशल मीडिया पर की जा रही पोस्ट को लेकर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद मोनू ने उक्त नेता के खिलाफ गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए जेवर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया था। शुक्रवार को इसी मामले में जेवर मंडल के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने एक बैठक बुलाई थी। भाजपा कार्यालय पर हुई बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने घटना को निराधार व फर्जी बताते हुए एफआईआर को भी गलत बताया था। जिलाध्यक्ष को पत्र लिखते हुए जेवर कोतवाली में दर्ज मुकदमे को वापस कराने की अपील की थी।