न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने पांच पर दर्ज की प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर थाना क्षेत्र से फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन हथियाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले में न्यायालय में याचिका लगाई थी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इन पर फर्जी हस्ताक्षर से पीड़ित की फर्म को मर्ज और धोखाधड़ी करने का आरोप है।
दयानतपुर गांव निवासी गौरव सिंह ने बताया कि उनकी आरएस ट्रेडर्स नाम की फर्म को 2023 में ग्रेनो औद्योगिक विकास प्राधिकरण से भूखंड अलॉट हुआ था। फरवरी में उन्हें प्राधिकरण से सूचना मिली की लीज डीड होने के बाद उन्होंने फर्म की क्रियाशीलता नहीं दिखाई और न ही कोई दस्तावेज जमा कराए। इसके बाद उन्हें पता चला कि उनका फर्जी हस्ताक्षर कर कुछ लोगों ने उनकी फर्म का विलय हिमराव स्टील प्रोडक्ट लिमिटेड में करा लिया है। पहले आरोपियों ने उन्हें व उनकी पत्नी को अपनी फर्म में डायरेक्टर दिखाया और फिर रिजाइन कराकर दूसरे लोगों को यह पद दे दिया और उनकी जमीन हथिया ली। पुलिस ने फर्जीवाड़ा के आरोप में मोनिका चौधरी, रोबिन सिंह, अमित पवार, करन कोहली और साहिल कोहली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।