-बुधवार देर रात हुई घटना, कोई मरीज घायल नहीं हुआ
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में बुधवार देर रात वार्ड की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय बेड पर एक बच्चा भर्ती था। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद वार्ड में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत का प्लास्टर और कंक्रीट का हिस्सा सीधे बेड पर आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। बच्चे के तीमारदारों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने प्रभावित वार्ड को खाली कराकर मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच शुरू कराई गई। इस घटना के बाद अस्पताल भवन की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि हादसा कुछ सेकंड पहले या बाद में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। निदेशक डॉ. एके सिंह ने बताया कि छत का प्लास्टर गिरने की सूचना मिलते ही इंजीनियरिंग टीम को मौके पर बुलाया गया है। भवन की तकनीकी जांच कराई जा रही है और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, मरीजों के परिजनों ने पूरे अस्पताल भवन का सुरक्षा ऑडिट कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।