नौहझील। थाना क्षेत्र के एक गांव में नामजदों ने पूर्व प्रधान के भाई पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर तमंचा, डंडा व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को मौके से कुल्हाड़ी सहित पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित ने 5 नामजद सहित अन्य हमलावरों के खिलाफ तहरीर इलाका पुलिस को दी है। बुधवार देर रात पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस को दी तहरीर में गांव खाजपुर निवासी पीड़ित चमन प्रकाश ने बताया कि मंगलवार देर रात नामजद उसके घर आए और तमंचे से फायरिंग कर दी। घर में घुसकर कुल्हाड़ी, डंडा व तमंचा से पीट दिया। इस दौरान परिजन मौके पर आ गए और योगेंद्र व मांगेराम को पकड़ लिया। मौके से अरुण कुमार उर्फ अरली तमंचा दिखाकर भाग गया। आरोपियों को थाने लाने के दौरान उनके साथियों ने रास्ते में मंदिर के पास उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया। राहगीरों के एकत्रित होने पर बाइक सवार साथी गजेंद्र व रोबिन व अन्य भाग गये। पुलिस ने तहरीर पर गांव खाजपुर निवासी योगेंद्र उर्फ मस्ता, मांगेराम, अरली उर्फ अरुण कुमार व गांव महारामगढ़ी निवासी गजेंद्र व गांव जरैलिया निवासी रोबिन के खिलाफ केस दर्ज किया है। योगेंद्र व मांगेराम को जेल भेजा है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।