-नंगला चमरू गांव में बारात चढ़त के दौरान हुई फायरिंग में किशोर के लगी थी गोली
-डॉक्टरों के मुताबिक घायल बच्चे की सेहत में हो रहा सुधार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/दादरी। नंगला चमरू गांव में बारात चढ़त के दौरान फायरिंग के मामले में जारचा कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गाजियाबाद के निक्की के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से आरोपी के पिता और पिस्टल लाइसेंस धारक से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण करने की कार्रवाई भी पुलिस की ओर से की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि नंगला चमरू गांव में सतीश भाटी की दो बेटियों की बारात रविवार रात को आई थी। बारात चढ़त में नाचने के दौरान बारातियों ने फायरिंग की थी। फायरिंग होने पर 12 वर्षीय क्रश के सिर में गोली लगने से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत में सुधार हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने अभिषेक एवं ईशू को सोमवार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। जबकि तीसरा आरोपी सिरोरा सलेमपुर गांव निवासी निक्की को पुलिस ने मंगलवार को सैंथली गांव के बाहर नहर के पास से गिरफ्तार किया है। फायरिंग में लाइसेंसी पिस्टल निक्की के पिता अमर सिंह के नाम है। वह अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल को घर से छिपाकर घटना स्थल पर लाया था। निक्की ने स्वयं भी फायरिंग की थी। उसके बाद पिस्टल अपने साथियों को दे दी थी।