पीएसी के हेड कांस्टेबल की गन से चली गोली
ग्रेटर नोएडा। ड्यूटी बदलते समय सोमवार सुबह पीएसी के हेड कांस्टेबल की पंप एक्शन गन से अचानक गोली चल गई। जमीन से टकराने के बाद छर्रे उसके साथी को जा लगे। जख्मी हालत में कांस्टेबल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, कांस्टेबल ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। बीटा-2 थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीएसी के 47 बटालियन, गाजियाबाद के जवानों की एक्सपोर्ट मार्ट में ग्लोबल कंवेंशन-14 में तैनाती की गई है। इनमें से एक हेड कांस्टेबल बीटा-2 थाने की परी चौक चौकी पर तैनात है। सोमवार सुबह ड्यूटी बदलने के दौरान दूसरा साथी हेड कांस्टेबल परी चौक पुलिस चौकी पर पहुंचा। जैसे ही जवान ने अपने साथी को पंप एक्शन गन दी, अचानक गोली चल गई। जमीन से टकराकर छर्रे हेड कांस्टेबल राजबीर के पर्स, सीने, गर्दन, पैर आदि में लग गए। वहीं, गोली लगने से फर्श भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, राजबीर जख्मी हो गया।
जांच की जा रही है : एसपी
परी चौक पुलिस चौकी पर ड्यूटी बदलने व पंप एक्शन गन देने के दौरान हादसा हुआ है। पीएसी के हेड कांस्टेबल को छर्रे लगे हैं। लिखित शिकायत नहीं मिली है लेकिन हादसे की जांच की जा रही है।
रणविजय सिंह, एसपी देहात